अजमेर पुलिस की गिरफ्त में वन्यजीव तस्कर
- फोटो : Amar Ujala
दुर्लभ कस्तूरी की तस्करी के आरोप में दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से कस्तूरी भी बरामद हुई है।
अजमेर पुलिस को दुर्लभ वन्यजीवों की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर स्पेशल टीम बनाई गई, जिसने आज मार्बल नगरी किशनगढ़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अजमेर स्पेशल पुलिस के इंचार्ज मनोज चौहान ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि वन्यजीवों के अवशेष को बेचने की फिराक में दो तस्कर किशनगढ़ में घूम रहे हैं।
इस पर उन्होंने किशनगढ़ थाना प्रभारी व उनकी टीम के साथ योजना बनाई और एक पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक बनाकर आरोपियों के पास भेजा। चौहान ने बताया कि जब आरोपियों ने उसे कस्तूरी मृग की कस्तूरी दिखाई और इसका सौदा करने लगे तभी पुलिसकर्मी ने टीम को इशारा कर दिया। मंझेला रोड पर दोनों को दबोच लिया और उनके कब्जे से बालों के गुच्छेनुमा कस्तूरी जप्त की गई जिसे वन्य अधिकारियों ने असली कस्तूरी होना बताया।