कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी उदयपुर पहुंच गए है। यहां कांग्रेस नेताओं ने उनकी अगुवानी की। यहां से वह मध्यप्रदेश के मंदसौर के लिए रवाना हो गए। हालांकि जानकारी के अनुसार राहुल गांधी को मंदसौर में प्रवेश करने से पूर्व ही राजस्थान—मध्यप्रदेश की सीमा पर रोका जा सकता है।
इसके लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने राजस्थान से लगते बॉर्डर को सील कर दिया है। मंदसौर राजस्थान—मध्यप्रदेश बॉर्डर का करीबी जिला है। राजस्थान के प्रतापगढ़ से मंदसौर की दूरी करीब 30 किलोमीटर की है। गौरतलब है मध्यप्रदेश का मंदसौर जिला किसान आंदोलन के कारण जल रहा है।
यहां पुलिस फायरिंग के दौरान प्रदर्शनकारी पांच किसानों की मौत हो गई थी। जिसके बाद हिंसा और ज्यादा भड़क गई है। वहीं राहुल गांधी ने कहा है कि वे मृतक किसानों के परिवार से मिलना चाहते है जिसके लिए वे मंदसौर आ रहें है।
लेकिन मंदसौर प्रशासन बुधवार को ही स्पष्ट कर चुका है कि वे राहुल गांधी को सुरक्षा कारणों के चलते यहां आने की अनुमति नहीं देंगे। राहुल गांधी की अगुवानी के लिए उदयपुर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहें। उदयपुर में कांग्रेसी नेता शोभा ओझा के अतिरिक्त दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट सहित अन्य नेता मंदसौर जा रहें है।