देश के 14वें राष्ट्रपति के लिए 17 जुलाई को चुनाव
राष्ट्रपति पद के लिए कल होने वाले चुनावों मे मद्देनजर राजस्थान में भाजपा ने आज जयपुर में रिहर्सल की। इस दौरान चार विधायक ऐसे थें जो मतदान की रिहर्सल के दौरान ही गलती कर बैठे। इन्हें पार्टी ने तरीका समझाया और कल मतदान के दौरान चूक नहीं करने की नसीहत दी।
जयपुर में सिविल लाइंस स्थित बंगला नंबर आठ में भाजपा विधायकों ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान का रिहर्सल किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मतदान करने के तरीके की जानकारी दी, ताकि कोई चूक नहीं हो। इसके बाद भी चार विधायक मतदान करते समय गलती कर बैठे। बताया जा रहा है कि इन्होंने भाजपा उम्मीदवार के नाम के आगे सही ढंग से निशान नहीं लगाया। इस दौरान सीएम वसुंधरा राजे भी मौजूद थी।
बाद में पार्टी के आला पदाधिकारियों ने इन्हें पूरी प्रक्रिया के बारे में समझाया। इस दौरान इन्हें नसीहत भी दी गई कि वे कल मतदान के दौरान आज की गई गलती को नहीं दोहराए। भाजपा ने भी अपने विधायकों और सांसदों के लिए एनडीए प्रत्याशी रामनाथ कोविंद के पक्ष में मतदान के लिए व्हिप जारी की है।