अपराधियों की प्रत्येक गतिविधि पर पुलिस अब आकाश से नजर रखेगी। इसके तहत पुलिस मुख्यालय ने अलवर पुलिस को भी एक ड्रोन कैमरा दिया है। अब ड्रोन से अलवर शहर सहित जिले की निगरानी की जाएगी।
ड्रोन की खास बात यह है कि यह एक से डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई से भी घटना की साफ तस्वीर ले सकता है। इसमें दिन और रात के फोटो के लिए अलग-अलग कैमरे लगे हुए हैं। ड्रोन से ली गई तस्वीरें अपराधी को सजा दिलाने में सबूत का काम करेगी। अलवर पुलिस को मिला करीब 32 लाख रुपए का यह ड्रोन कैमरा रिमोट से संचालित होगा। इसके पायलट और को-पायलट इसकी लोकेशन भी बदल सकेंगे। यह ड्रोन कैमरा मेला, त्यौहार और चुनाव में भी पुलिस के लिए मददगार साबित होगा। पुलिस मुख्यालय ने फिलहाल जयपुर सहित सभी संभाग मुख्यालय को एक-एक ड्रोन कैमरा भेजा है। पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि अलवर में जयपुर ग्रामीण संभाग को मिले ड्रोन कैमरे का हेड क्वार्टर रहेगा। अलवर से जरूरत पड़ने पर ड्रोन को संभाग के अन्य जिलों सीकर, झुंझुनूं, दौसा व जयपुर ग्रामीण भेजा जाएगा।