कोटा के इस शोरूम में एेसे डिब्बों में बिक रहे थे जूते
- फोटो : अमर उजाला
कोटा के सिटी माॅल में शोरूम पर चाइनीज जूते के डिब्बों पर तिरंगे के फोटो से हुए अपमान मामले में पुलिस टीम जांच के लिए दिल्ली पहुंच गई है। पुलिस जांचेगी कि ये माल कौन-कौन से थोक व्यापारियों की ओर से भेजा रहा है और कहां-कहां इसकी आपूर्ति की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अशुमान भौमिया के अनुसार पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया है। टीम सिटी मॉल के शोरूम संचालक महेश को भी साथ ले गई है। महेश को पूछताछ के बाद कल गिरफ्तार कर लिया गया था। भौमिया ने बताया कि पुलिस को इस पूरे मामले को गम्भीरता से लेने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया पुलिस ने देशद्रोह अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए सोमवार को ही जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी जयप्रकाश बेनीवाल ने बताया कि सिटी माॅल के शोरूम मालिक महेश से इस मामले में पूछताछ में दिल्ली का पता बताया है, जहां से वह माल उठाता है। अब दिल्ली जाकर चाइनीज जूते तिरंगे जैसे रंग—रूप के डिब्बे में सप्लाई करने वाले खिलाफ कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि यहां सिटी माॅल की शाॅप नं. बी-24 में बेचने के लिए लाए गए जूतों के डिब्बों पर तिंरगे जैसा रंग और रूप दिया गया है। जब यहां लोगों ने हंगामा किया तो शोरूम मालिक महेश ने अपनी गलती मान ली थी। हालांकि, इससे पहले वह इन डिब्बों में रखे जूतों को बेच रहा था। जूतों के डिब्बे पर तिरंगे का कोई छोटा मानोग्राम नहीं था, बल्कि पूरे डिब्बे पर ही तिरंगा बना हुआ था।
लोगों ने इस घटना को देशद्रोह की श्रेणी का बताया था। हंगामे के दौरान शौरूम मालिक ने भी तुरंत अपनी गलती मान ली। जबकि इससे पहले वह धड़ल्ले से इन्हीं डिब्बों में जूते बेच रहा था।