आनंदपाल एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर नागौर के सांवराद में आयोजित हुंकार रैली के बाद फायरिंग हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। इनमें 18 पुलिसकर्मी बताए जा रहे है। इस दौरान पुलिसकर्मियों को जलाने का भी प्रयास किए जाने की जानकारी मिली है। देर रात सांवराद में कर्फ्यू लगा दिया गया।
घायलों को डीडवना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से गंभीर घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में देर रात भर्ती कराया गया है। डीडवाना में अभी तनाव के हालात बने हुए है और वहां पुलिस के वाहनों में आगजनी भी की गई है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हालात को काबू में करने में जुटे हुए हैं। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने देर रात कहा कि वहां पर भड़काउ भाषण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को पकड़कर उन्हें जलाने का प्रयास किया गया। इस कारण एसपी के गार्ड को मजबूरन गोली चलानी पड़ी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी इस घटनाक्रम की जानकारी ली।