अजमेर के गंज थाना पुलिसकर्मियों ने चोरी की वारदात के 12 घंटे में ही चोर को पकड़ काम में फुर्ती दिखाई है। आरोपित ने करीब तीन लाख रुपए का माल उड़ाया था।
गंज थानाधिकारी दिनेश जीवनानी ने बताया कि मात्र बारह घंटे में चोरी के आरोपित को दबोच कर उसके कब्जे से चोरी का माल जप्त कर लिया। आरोपित ने रामनगर क्षेत्र स्थित दिनेश कांकाणी के रेड़ीमेड कपडे़ के गोदाम को निशाना बनाया था। इसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब तीन लाख रुपए के कपड़े चुराए थे। मामले के शिकायत आने पर जब जांच की गई तो सामने आया कि गोदाम मालिक के ड्राइवर ने ही उक्त वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने कांकरिया निवासी ड्राइवर हनुमान को माल बेचने की फिराक में घूमते दबोच लिया। उसके कब्जे से वैन और चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है। आरोपित को रिमाण्ड पर लेकर वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।