शराबबंदी आंदोलन को संचालित करने वाली पूनम छाबड़ा को शुक्रवार सुबह पुलिस ने जयपुर में हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि जयपुर सहित अन्य क्षेत्रों में शराबबंदी आंदोलन संचालित कर रही पूनम छाबड़ा आठ माह की गर्भवती है।
पूर्व विधायक गुरुशरण छाबड़ा की जयंती के मौके पर पूनम छाबड़ा व आंदोलन के समर्थक जयपुर के पांच बत्ती क्षेत्र में जुटे थे। यहां उन्होंने सभा करने की अनुमति मांगी थी। लेकिन पुलिस प्रशासन ने बृहस्पतिवार को ही उन्हें कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी थी।
पूनम छाबड़ा व उनके समर्थकों को हिरासत में लेकर सांगानेर थाना ले जाया गया है। वहीं इस मौके पर उपस्थित लोगों ने पूर्व विधायक गुरुशरण छाबड़ा व उनके द्वारा प्रारंभ किए गए आंदोलन के समर्थन में नारे भी लगाए। इस आंदोलन के माध्यम से राजस्थान में शराबबंदी की मांग की जा रही है।