कथित गौ तस्कर पहलू खान मामले में नए मोड़ के तहत गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने में मेव समाज जुट गया है। पहलू खान मामले में बुधवार को अलवर में मेव समाज की ओर से बुलाई गई पंचायत स्तरीय एक बैठक में समाज के लोगों ने इस संबंध में पीएम नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखने का फैसला किया है।
मेव समाज ने 3 मई को अलवर से बहरोड तक पैदल मार्च निकाले जाने की घोषणा की थी, जिसे प्रशासन ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए मंजूरी प्रदान नहीं की थी। पैदल मार्च नहीं होने के बाद आज पंचायत में हरियाणा व अलवर से आए मेव समाज के प्रतिनिधियों ने पीएम मोदी के नाम गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग को लेकर एक पत्र लिखने का फैसला किया है। अब इस फैसले पर समाज के सभी लोगों ने अपनी सहमति दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि मेव पंचायत की ओर से मेव समुदाय से पैदल मार्च का आह्वान किया गया था। जिसके बाद इस मामले में राजनीति और तेज हो गई है। बीते माह एक अप्रेल को बहरोड़ में कथित गौ—तस्करों के साथ मारपीट की गई थी।
इसके बाद तीन अप्रेल को बहरोड़ के निजी अस्पताल में कथित गौ—तस्कर पहलू खान ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद इस मामले की गूंज राजस्थान की विधानसभा से लेकर देश की संसद तक में सुनाई दी थी।