पासपोर्ट केन्द्र का उद्घाटन करते केन्द्रीय मंत्री
- फोटो : amar ujala
उदयपुर में शुक्रवार को पासपोर्ट सेवा केन्द्र फिर से शुरू हो गया। उद्घाटन करने आए विदेश राज्यमंत्री वी.के. सिंह ने मेवाड़ की महिमा का गुणगान कर उसे वीर भूमि बताया। उन्होंने कहा कि जब से यहां पर पासपोर्ट सेवा केन्द्र बंद हुआ, तब से यहां के लोगों की मांग बराबर केन्द्र तक पहुंच रही थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए दो साल पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने फिर से यहां पर पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोलने की घोषणा की थी।
विदेश राज्यमंत्री वी.के. सिंह ने यहां कार्यालय के निरीक्षण के बाद कहा कि उदयपुर में पासपोर्ट लघु सेवा केन्द्र खुलने का मतलब यह नहीं है कि यह छोटा है। यहां वे सभी सुविधाएं होंगी जो
पीएसके में है, जनता के पासपोर्ट यहीं बनाए जाएंगें। अब शीघ्र प्रयास कर रहे हैं कि प्रत्येक जिले में इसका कार्यालय हो ताकि लोगों को जिले से बाहर नहीं जाना पड़े। पासपोर्ट निर्माण भी इतना सरलीकरण हो गया है कि दलालों की दुकानें बंद हो गई। अब आप अपने मोबाइल, ई-मित्र या घर बैठे ही फीस जमाकर करवा अप्वाइंमेंट ले सकते हैं। जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि देशभर के सभी 8 सौ हेड पोस्ट ऑफिस पर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाने की योजना है जिसमें 50 केंद्र खोले जा चुके हैं।
उन्होंने नगर निगम को धन्यवाद देते हुए कहा कि निगम की ओर से मिला सहयोग अद्वितीय है। निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए भवन में ही सेवा केन्द्र शुरू कर पाया। सिंह ने महापौर चंद्रसिंह कोठारी की मांग पर आश्वासन देते हुए कहा कि आगामी दो महिनों के अंतराल में अंतरराष्ट्रीय उडानें शुरू करने का प्रयास करेंगे ओर उसके बाद वीजा भी यहीं पर बनने लगेंगे।
इस मौके पर मेवाड़ राजघराने के अरविंद सिंह मेवाड़, उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा, चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी, महापौर चंद्रसिंह कोठारी, यूआईटी चेयरमैन रविन्द्र श्रीमाली, विधायक फूल सिंह मीणा सहित कई लोग मौजूद रहे।