संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' के कारण देशभर में बवाल मचा हुआ है। विशेषकर राजस्थान के अधिकांश जिलों में करणी सेना कहर बरपा रही है। करणी सेना के आगे आम जन के साथ पुलिसवाले भी बेबस नजर आ रहे हैं।
उग्र और हिंसक प्रदर्शनों के सिलसिले में आज उदयपुर में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट का प्रयास किया। गौरतलब है कि उदयपुर शहर में सुबह से करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-अहमदाबाद हाईवे को भी उदयपुर के नजदीक कई स्थानों पर जाम कर दिया। फिलहाल राजस्थान के आधा दर्जन जिलों में करणी सेना ने बंद का आह्वान किया हुआ है। जबकि 20 से अधिक जिलों का जनजीवन पूर्ण रूप से प्रभावित है।