एस.एस. राजमौली की बेहतरीन फिल्म 'बाहुबली' के कटप्पा को कौन भूल सकता है। लेकिन इन दिनों एक और कटप्पा मीडिया सहित इंटरनेट की दुनिया में धूम मचाने के लिए तैयार है।
यह कटप्पा जयपुर शहर के नजदीक स्थित झालाना वन क्षेत्र का बेताज बादशाह है। ये करीब 16 वर्षीय बूढ़ा लेपर्ड है, जिसे हाल ही इस वन क्षेत्र में देखा गया है। वन्यजीव प्रेमियों ने इसका नाम 'कटप्पा' रखा है। ये लेपर्ड झालना वन क्षेत्र का सबसे उम्रदराज सदस्य है। वन्यजीव प्रेमियों का दावा है कि देश के जंगलों में इतना उम्रदराज लेपर्ड शायद ही कहीं रिपोर्ट हुआ है।
इसकी बहादुरी और जंगल में इसके संघर्ष की कहानी के निशां इसके चेहरे पर दिखाई देते हैं। वाइल्ड लाइफ से जुड़े जानकारों ने इसके एंग्री स्वभाव के कारण ही इसे कटप्पा नाम दिया है।
विशेषज्ञ धीरेन्द्र गोधा कहते है कि यह आश्चर्य ही है कि कोई लेपर्ड 16 वर्ष तक जिंदा रहे। इस लेपर्ड की शुक्रवार को ही साइटिंग हुई है। वन्य प्रेमी इसकी साइटिंग से उत्साहित है और रोमांचित भी हो रहे हैं।