अलवर के तिजारा थाना अंतर्गत स्थानीय अलीपुर तहसील के मुंडावर रोड के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिससे एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
अलीपुर निवासी 45 वर्षीय हंसराज जेल में बंद अपने भाई से मिल कर वापस घर जा रहा था तभी मौसमपुर रोड के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अलीपुर निवासी हंसराज का भाई मंगल सिंह जमीन विवाद के मामले में जेल में बंद है और सोमवार को उसकी किशनगढ़बास में पेशी थी। हंसराज अपने रिश्तेदार ताराचंद निवासी बाघोर तिजारा व मित्र शमशु के साथ बाइक से किशनगढ़बास गए तीनों मंगल सिंह से मिलकर बाइक से वापस कोटकासिम की ओर जा रहे थे।
बीच में मौसमपुर के पास सोमवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से गोली चलाई। गोली हंसराज की पीठ में लगी और आगे बैठे ताराचंद के भी गोली लग गई। गोली लगने से हंसराज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ताराचंद गंभीर रूप से घायल हो गया।