देश की सुरक्षा का मामला मानते हुए सेना में भर्ती के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपए वसूलने के मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने मामला सीबीआई को सौंपते हुए कहा कि प्रकरण देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। प्रकरण में सेना के उच्चाधिकारियों की लिप्तता हो सकती है। ऐसे में पुलिस जांच करने में सक्षम नहीं है। न्यायाधीश बनवारीलाल शर्मा की एकलपीठ ने यह आदेश मनोहरसिंह, नंदसिह और सुनील व्यास की जमानत याचिकाओं को स्वीकार करते हुए दिए।
हालांकि राज्य सरकार ने इस मामले की जांच पुलिस के पास रहने की ही दलील दी थी, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया।
गौरतलब है कि राजस्थान में सेना भर्ती को लेकर वसूली का मामला काफी सुर्खियों में रहा था और जांच में कई चौंका देने वाले खुलासे भी हुए थे। कई गिरफ्तारियां भी हुई थीं।