आखिरकार लम्बे इंतजार के बाद धोरा री धरती अब सीधे हवाई सेवा से जुड़ गई है। इसे देखते हुए यहां के पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है। वहीं, पर्यटकों में भी खुशी की लहर है। माना जा रहा है कि इस सेवा के बाद यहां पर्यटन का विकास और भी बढ़ेगा।
यहां हम राजस्थान के गोल्डन सिटी के नाम से मशहूर जैसलमेर जिले की बात कर रहे हैं। करोड़ों की लागत से बना स्वर्णनगरी का सिविल एयरपोर्ट आज लम्बे अरसे बाद हवाई सेवा से जुड़ गया है। सुप्रीम एयरलाईंस की पहली ट्रायल फ्लाइट आज जयपुर से जोधपुर होते हुए जैसलमेर पहुंची। यहां पहुंचने पर फ्लाइट के पायलट का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। अब ट्रायल के बाद जल्द ही सुप्रीम एयरलाईंस की इस हवाई सेवा को जयपुर से जैसलमेर के लिए नियमित कर दिया जाएगा।
आज दोपहर बाद जब पहली फ्लाइट जैसलमेर पहुंची तो सिविल एयरपोर्ट पर पहुंचे जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे। इस मौके पर यहां राज्यमंत्री शंभूसिंह खेतासर, सांसद सोनाराम चौधरी, विधायक छोटूसिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष जुगलकिशोर व्यास, कलक्टर कैलाशचन्द्र मीणा, पुलिस अधीक्षक गौरव यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।