राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, लेकिन यहां कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी सामने आ रही है।
अजमेर में लोकसभा उपचुनाव होने वाला है। इसके चलते कांग्रेस पार्टी जहां एक ओर से बूथ स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करके पार्टी को मजबूती प्रदान करना चाह रही है, वहीं दूसरी ओर गुटबाजी के चलते बड़े नेताओं की फोटो ही बैनर से गायब है।
आज यहां अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित हुए 'मेरा बूथ मेरा गौरव' कार्यकर्ता सम्मेलन के बैनर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की फोटो नहीं होने का कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।
उत्तर विधानसभा क्षेत्र का सम्मेलन वैशाली नगर में और दक्षिण क्षेत्र का पालबीचला स्थित निजी समारोह स्थल में सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में लगाए गए बैनर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की फोटो को छोड़कर स्थानीय नेताओं को भी जगह दी गई। ऐसे में कई कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल के समक्ष मामले में विरोध जताया, लेकिन उन्हें चुप करवा दिया गया।