वन्य जीवों के प्रजनन हेतु नाहरगढ़ बाॅयोलाॅजिकल पार्क माकूल साबित हो रहा है और पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। पार्क में गत दिनों एशियाई शेरनी तेजिका ने तीन शावकों को जन्म दिया था, जो कि बिल्कुल स्वस्थ हैं। इसके साथ-साथ पार्क में भेड़िये, सियार व हायना ने भी बच्चों को जन्म दिया है।
राजस्थान वन विभाग मुख्यालय अरण्य भवन के अनुसार जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा पार्क में लाॅयन सफारी को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। प्राधिकरण द्वारा यह काम पूरा होने के बाद एशियाई शेरनी तेजिका, नर सिद्धार्थ व सुहासिनी को इस सफारी में शिफ्ट करने की विभाग की योजना है।
विभाग का अनुमान है कि 2018 में जयपुर सहित अन्य देशी-विदेशी पर्यटक यहां लाॅयन सफारी का आनंद ले सकेगें। गौरतलब है कि नाहरगढ बायलोजिकल पार्क, नाहरगढ अभयारण्य जयपुर-नई दिल्ली राजमार्ग पर स्थित है।