नवजात के लिए मदर मिल्क की शीशी देते हुए
- फोटो : amar ujala
अजमेर के राजकीय जनाना अस्पताल के नवजात शिशु आईसीयू में बृहस्पतिवार से मदर मिल्क सेंटर शुरू किया गया। एडीए चेयरमैन शिवशंकर हेड़ा ने इसका उद्घाटन किया। इस केन्द्र के शुरू होने से 22 प्रतिशत नवजात बच्चों को अकाल मौत से बचाने का दावा किया जा रहा है।
राजकीय जनाना अस्पताल के एनआईसीयू में बनाए गए आंचल मदर्स मिल्क स्टोरेज एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स सेंटर का बृहस्पतिवार को उद्घाटन कर नवजात बच्चों के लिए मां का दूध मुहैया करवाया गया। सेंटर के योगगुरु देवेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि भीलवाड़ा से स्पेशल वैन में उक्त दूध परिवहन करके लाया गया। इसके लिए पुलिस ने भी पूरा प्रोटेक्शन प्रदान किया, ताकि जाम जैसी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि एक यूनिट दूध पर सरकार को लगभग 500 रुपए का शुल्क पड़ रहा है, लेकिन नवजात शिशुओं को यह निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
इसके लिए एडीए का सहयोग भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त दूध छह माह तक खराब भी नहीं होगा, लेकिन इसे एक सही तापमान में रखना आवश्यक है। केन्द्र के उद्घाटन समारोह में मेडिकल काॅलेज प्राचार्य डाॅ.आर.के. गोखरू, जेएलएन अस्पताल अधीक्षक डाॅ.विनय कुमार मल्होत्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।