पूर्व केंद्रीय मंत्री सांवरलाल जाट की पार्थिव देह उनके संसदीय क्षेत्र अजमेर पहुंच गई है जहां उनके अंतिम दर्शनों के लिए आजाद पार्क में लोगों का हुजुम उमड़ पड़ा है। जाट को पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए आम से लेकर खास लोग पहुंच रहे हैं जिनमें से सूबे कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार जाट के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए करीब 2:30 बजे उनके पैतृक गांव गोपालपुरा लेकर जाया जाएगा जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बताया गया है कि जाट के अंतिम संस्कार में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों,संगठन के नेताओं समेत मंत्री भी मौजूद रहेंगे वहीं विपक्ष की ओर से पीसीसी चीफ सचिन पायलट भी गोपालपुरा जाने की पूरी संभावना है।
फिलहाल अजमेर के आजाद पार्क में जाट के अंतिम दर्शनों के लिए केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी समेत पीपी चौधरी और गोविंद यादव भी अजमेर पहुंच चुके है। भाजपा के कैबिनेट मंत्रियों में से राजपाल सिंह शेखावत,कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी,उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी,अजय सिंह किलक,सुरेन्द्र पाल टीटी समेत कई मंत्री अजमेर पहुंच चुके है जहां उन्होनें जाट के पार्थिव शरीर को पुष्पचक्र अर्पित किए।
अजमेर से सांसद और किसान आयोग के अध्यक्ष सांवरलाल जाट बुधवार सुबह दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली थी जिसके बाद उनका पार्थिव शरीर जयपुर लाया गया था जहां बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं ने उनके अंतिम दर्शन किए।