भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित मोदी फेस्ट का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह के खास मेहमान शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी रहे।
रविवार को आयोजित हुए समापन समारोह में भाजपा को लोगों की भीड़ जमाने में ही पसीना आ गया और अथक प्रयासों के बाद इस समारोह में भाजपा कार्यकर्ता भीड़ जुटाने में कामयाब हो पाए लेकिन इन सबके बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से आजाद पार्क में मनाए जा रहे केन्द्र सरकार के तीन साल के जश्न में रविवार को पहले से ज्यादा रौनक देखने को मिली। इस मौके पर शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने केन्द्र सरकार की योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी मान बढ़ाया है।
मोदी ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर सभी को लाभान्वित किया है। तीन साल गुजरने के बाद भी अब तक सरकार के एक भी नुमांईदे पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे। आगामी सालों में भी सरकार इसी तरह अच्छा कार्य कर जनता के दिलों पर राज करेगी और भारत विश्व गुरू भी बनेगा।
सूत्रों के अनुसार मीडिया में मोदी फेस्ट के फीके होने की खबरों को लेकर भाजपा नेताओं ने समापन समारोह में भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंकी और यही नतीजा रहा कि आज के समारोह में भीड़ भाड़ नजर आई।