राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले अशोक गहलोत बनाम सचिन पायलट का माहौल बनता नजर आ रहा है। दोनों के समर्थक अपने नेताओं की तारीफ और पक्ष लेने में जुट गए हैं। अब मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की जमकर तारीफ की।
विज्ञापन
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार कांग्रेस कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान मेघवाल ने कहा कि सीएम गहलोत खुद एक विचारधारा हैं। मुख्यमंत्री ने हमेशा राजस्थान की बेहतरी के लिए काम किया है। वह न होते तो सरकार नहीं बचती और हम भी मंत्री नहीं होते। एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के प्रदेश दौरे पर भी गोविंद राम मेघवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओवैसी का कोई वजूद नहीं है। यहां केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच ही टक्कर है।
ओवैसी से की अपील
मेघवाल ने ओवैसी से अपील की। उन्होंने कहा कि ओवैसी भी राजनीतिक समझ रखते हैं। ऐसे में वह भी कांग्रेस के नेतृत्व में आकर खड़े हो जाएं लेकिन अगर वह अल्पसंख्यकों का वोट अलग से डलवाते हैं तो मतलब साफ है कि वह भाजपा को फायदा पहुंचाते हैं। इस समय देश में दो विचारधाराओं के बीच में लड़ाई है। एक वह जो धर्मनिरपेक्ष है और दूसरे जो सांप्रदायिक है। ऐसे में सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को कांग्रेस के साथ आकर भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए।