बैठक में मौजूद मंत्री और अधिकारी
- फोटो : amar ujala
अलवर में दौरे पर पहुंचे प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि सरिस्का में इंसानों पर वन्यजीवों के हमले कोई नई बात नहीं है। ऐसे हमले पूरे विश्वभर में वन्य क्षेत्रों में होते हैं।
दरअसल, अलवर जिला प्रभारी और प्रदेश सरकार में मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर रविवार को अलवर दौरे पर रहे। इस दौरान मंत्री ने जिला परिषद सभागार में सभी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जन समस्याओं को लेकर विभागीय स्तर पर आ रही परेशानियों को लेकर जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों से चर्चा की गई। मंत्री खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्देश पर प्रत्येक जिले में समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। जिसके तहत सभी जिलों में विभागीय अधिकारियों को लंबित समस्याओं को निपटाने का आदेश दिया गया है।
बैठक में सरिस्का के बारे में मंत्री ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व सरिस्का में वन्यजीवों द्वारा इंसानों पर हमले किए गए। इसमें कोई नई बात नहीं है। यह केवल अलवर में ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व भर में वन्य क्षेत्र में होता है। जिसके लिए सरकार की ओर से मुआवजा बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने कहा कि अलवर का सरिस्का सोने की खान है। जिससे पर्यटन को बल मिल रहा है। इसलिए उनका पूरा ध्यान इस समय सरिस्का को विकसित करने पर है।
इस मौके पर अलवर ग्रामीण विधायक जयराम जाटव सहित समस्त विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में जनसमस्याओं को लेकर विभागीय स्तर पर आ रही परेशानियों पर भी समीक्षा की गई।
गौरतलब है कि पिछले दिनों सरिस्का में पैंथर द्वारा किए गए हमले से कई ग्रामीणों के घायल होने की सूचना थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने भी पैंथर को सबक सिखाने के लिए कमर कस ली थी।