बंसल अस्पताल में पिछले दिनों चिकित्सक के साथ ही हुई मारपीट के विरोध में शनिवार को चिकित्सकों ने दिन भर कार्य बहिष्कार किया और अब शाम को एसएमएस मेडिकल कॉलेज से रैली निकालेंगे। चिकित्सकों की हड़ताल से मरीज बेहाल रहे। इस बीच मारपीट के मामले में एसीएमएम 8 कोर्ट ने दो आरोपी जितेंद्र व मुकेश को दो दिन की रिमांड पर भेजा है।
जानकारी के अनुसार मौन जुलूस के रूप में रैली निकालकर चिकित्सक अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। चिकित्सकों ने जेएलएन मार्ग स्थित जयपुर मेडिकल एसोसिएशन के सभागार में सुबह मीटिंग की जिसमें आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की गई। इसमें तय किया गया है दिन में कार्य बहिष्कार के बाद चिकित्सक शाम को एसएमएस मेडिकल कॉलेज से रैली निकालेंगे। मौन जुलूस के रूप में रैली निकालकर चिकित्सक अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।
गौरतलब है कि निजी चिकित्सकों की हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए जयपुर के सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक भी साथ आ गए। चिकित्सकों ने किसी तरह के काम में हिस्सा नहीं लिया। इससे मरीजों को परेशानी भी हुई।
जयपुर के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मानसिंह अस्पताल में इमरजेंसी और इंडोर सेवाएं चालू रहने से मरीजों की भारी उमड़ पड़ी और कई घंटों तक लाइन में लगे रहने के बाद मरीज डॉक्टर्स तक पहुंच पाए।
सवाई मानसिंह अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की भी बात की थी मगर उसके बावजूद भी व्यवस्थाएं चरमरा गई। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते सवाई मानसिंह अस्पताल में मरीजों की भयंकर भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रदेश में पहले से ही स्वाइन फ्लू के डंक ने लोगों को जकड़ रखा है ऐसे में खांसी जुकाम के मरीजों की ठीक से जांच भी नहीं हो पाई। ऐसे में मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि डॉ अजय बंसल के साथ ही मारपीट हुई थी। जिसके बाद से डॉक्टरों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए है। मीटिंग के दौरान डॉ बंसल ने कहा कि जो मेरे साथ हुआ है वह किसी अन्य चिकित्सक के साथ ही भी हो सकता है, इसलिए कार्रवाई आवश्यक है।