फायर स्टेशन पर महापौर ने की जनसुनवाई
- फोटो : Vishnu Sharma
हवामहल पूर्व जोन में मंगलवार को घाटगेट फायर स्टेशन पर महापौर जन सुनवाई का आयोजन हुआ। जन सुनवाई में महापौर डॉ. अशोक लाहोटी, उप महापौर मनोज भारद्वाज, आयुक्त रवि जैन और अतिरिक्त आयुक्त डॉ. हरसहाय मीणा ने जन सुनवाई की। इस दौरान हवामहल पूर्व जोन के सभी पार्षद भी उपस्थित थे। जन सुनवाई के दौरान एक ऐसा मौका आया, जब संजय बाजार से आए लोगों ने अपनी समस्या का समाधान पाकर महापौर जिंदाबाद के नारे लगाए।
दरअसल हुआ यूं कि संजय बाजार के कुछ लोग नगर निगम जयपुर के खिलाफ तख्तियां लेकर नारे लगाने आए थे। वे काली पट्टी बांधकर विरोध करने आए थे, लेकिन महापौर डॉ. लाहोटी जन सुनवाई के दौरान अपनी सीट से उठे, उन तक पहुंचे। उनकी बात को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर ही संजय बाजार के मामलों के लिए एक समिति का गठन किया। इसमें उपमहापौर, हवामहल पूर्व जोन के उपायुक्त और क्षेत्रीय पार्षद के नेतृत्व में समिति का गठन किया गया।
जन महापौर से मिलकर और जन सुनवाई से लौटते हुए इन लोगों ने अशोक लाहोटी जिंदाबाद, अशोक परनामी जिंदाबाद, वसुंधरा राजे जिंदाबाद के नारे लगाए। उनके चेहरों पर खुशी साफ तौर पर देखी जा सकती थी। महापौर ने जन सुनवाई में आए सभी लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और तुरंत मौके पर समाधान किया। लोगों के चेहरे पर अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर संतुष्टि नजर आई।