जयपुर के हरमाड़ा थाना इलाके के राजावास गांव में देर रात एक स्थानीय युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। सुबह स्थानीय लोगों ने उसे टॉवर पर देखा तो पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इससे प्रशासन की सांसें फूल गई।
सूचना मिलने पर चौमूं और हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम के जवानों ने उसे नीचे उतारने में कामयाब हुए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजावास निवासी किशोर देवंदा नशे का आदी हैं। कल रात करीब 10 बजे तक वह राजावास बसस्टैंड पर खड़ा था। इसके बाद देर रात को वह गांव में लगे रिलायंस के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। बुधवार अल सुबह वह खांसने लगा और बीड़ी जलाकर पीने लगा तभी स्थानीय महिला की नजर टॉवर पर पड़ी तो बीड़ी के धुएं से उसने चिंगारी से धुंआ निकलने की सोची। फिर गौर कर देखा तो टॉवर के टॉप पर लगे सिग्नल के बीच उसे युवक बैठा नजर आया। जिसकी सूचना महिला ने आसपास के लोगों को दी। इसके बाद तमाशबीन इकट्ठा हो गए।
सूचना पर चौमूं थाने के सब इंस्पेक्टर रामेश्वरलाल और इसके बाद हरमाड़ा थानाप्रभारी लखन सिंह व जाब्ता मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश पर भी किशोर देवंदा नहीं माना तब नीचे जाल लगवा दिया। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने उसे उतारा।