सचिन के गले में वरमाला डालती जेसिका
- फोटो : amar ujala
विदेशी मेम और देसी छोरे ने रविवार को सात फेरे लिए। मेम मलेशिया की है और छोरा राजस्थान के चुरू जिले का है। चुरू निवासी सांवरमल पंवार का बेटा सचिन मलेशिया में आईटी इंजीनियर है। इस दौरान वहां उसकी मुलाकात जेसिका जावी से हुई। जेसिका का वहां बिजनेस है। उनकी ये मुलाकात प्यार में बदल गई और दोनों शादी करने का फैसला लिया।
सचिन ने जेसिका से भारत में यहां की परम्पराओं के मुताबिक शादी करने का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। जेसिका के परिजन भी इस शादी के लिए राजी हो गए। दोनों घरों में शादि की तैयारियां शुरू हो गई। 23 अप्रैल के शादी का मुहुर्त निकला, जिसको देखते हुए मलेशिया से जेसिका अपने पेरेंट्स के साथ पिछले हफ्ते ही चूरू आ गई। यहां जिला मुख्यालय के पास आसेरी गेस्ट हाउस में दोनों ने रविवार को सात फेरे लिए और जीवनभर के बंधन में बंध गए।
जेसिका ने बताया कि उसे राजस्थानी परम्परा और यहां का ठाठ—बाठ देखकर बहुत खुशी मिली है। हाथों में मेहंदी, डीजे की धुन पर नाचती महिलाएं, घोड़ी पर बैठा दुल्हा और हजारों की तादाद में बाराती...ये सब देखकर ऐसा लगा कि किसी दूसरी दुनिया में हमारी शादी हो रही है। उसने इस बात पर खुशी भी जताई कि उसने एक भारतीय लड़के से शादी की है।
उधर, विदेशी युवती से हो रही इस शादी को देखने के लिए विवाह स्थल के बाहर आसपास के गांववालों का हुजूम लग गया। हर कोई केवल उनकी एक झलक देखने को लालायित दिखा।