जयपुर जिले के अतिरिक्त सत्र न्यायालय क्रम-2 ने आपसी रंजिश के चलते दो बच्चों की निर्मम हत्या करने वाले अभियुक्त विजयसिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सजा के साथ ही अदालत ने अभियुक्त पर दो लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत को बताया गया कि परिवादी मंजीत सिंह और अभियुक्त की जान-पहचान थी। परिवादी ने अभियुक्त को अपने परिचित की दुकान पर काम भी दिलाया था। वहीं अभियुक्त आए दिन परिवादी के घर शराब पीकर हंगामा करता था। इसका विरोध करने पर दोनों के बीच रंजिश पैदा हो गई। अभियुक्त ने 14 अगस्त 2012 को परिवादी के घर उसे 13 साल के बेटे शुभम और 11 साल की बेटी दीपशिखा को अकेला देखकर चाकू से उनकी हत्या कर दी। परिवादी की ओर से नाहरगढ़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी देकर मामला दर्ज कराया।
इस पर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर अदालत में आरोप पत्र पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 17 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए।