राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्र और पुलिस आमने-सामने हो गई। छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन के दौरान हंगामा हो गया। निर्दलीय उम्मीदवार निर्मल चौधरी के समर्थक राजस्थान यूनिवर्सिटी के अंदर घुसने लगे। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। उसके बाद छात्र भी पुलिस वालों से भिड़ गए।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार निर्दलीय उम्मीदवार निर्मल चौधरी के समर्थक जेएलएन मार्ग पर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान वहां जाम लग गया। उसके बाद समर्थक मना करने के बावजूद राजस्थान यूनिवर्सिटी के अंदर घुसने लगे। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज में उम्मीदवार निर्मल चौधरी घायल हो गए।
कई छात्र घायल, शरीर में कांच घुसा
आरोप है कि पुलिस ने निर्दलीय उम्मीदवार निर्मल चौधरी के समर्थकों की गाड़ियों के कांच तोड़ दिए। कई छात्र के शरीर में कांच घुस गया, जिससे वो घायल हो गए। लाठीचार्ज से आक्रोशित निर्मल के समर्थक गांधी नगर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने वहां से भी छात्रों को खदेड़ दिया। लाठीचार्ज में 24 से अधिक दर्जन से ज्यादा छात्रों को चोट आई हैं। आरोप है कि निर्मल और उनकी बहन के साथ भी मारपीट की गई।
एबीवीपी समर्थकों पर भी लाठीचार्ज
उसके बाद एबीवीपी के प्रत्याशी नरेंद्र अपने समर्थकों के साथ राजस्थान यूनिवर्सिटी पहुंचे। कुछ ही देर में पुलिस और एबीवीपी के कार्यकर्ता भी आमने-सामने हो गए। पुलिस ने इस बार एबीवीपी पर लाठीचार्ज किया। इसमें एबीवीपी के प्रत्याशी नरेंद्र और उनके समर्थकों को गंभीर चोट आईं। जिसेक बाद एबीवीपी मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गई है।
बता दें कि छात्रनेता बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ चुनावी रैली के रूप में यूनिवर्सिटी पहुंच रहे हैं। ऐसे में छात्रों की भीड़ को देखते हुए राजस्थान यूनिवर्सिटी में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
बाड़मेर में भी लाठीचार्ज
वहीं बाड़मेर में पीजी कॉलेज में भी पुलिस ने लाठियां भांजी। एनएसयूआई के मानाराम लेघा और एबीवीपी के बागी उम्मीदवार शिवकरण रैली निकाल कर कॉलेज पहुंचे। इसी दौरान दोनों आमने-सामने हो गए है। ऐसे में विवाद बढ़ता देख पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया। ऐसे में कई छात्र गिर गए और उन्हें हल्की चोंटे आई। उसके बाद लाठीचार्ज के विरोध में निर्दलीय उम्मीदवार शिवकरण अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।