नगरीय विकास कर नहीं जमा कराने वालों के खिलाफ आजकल जयपुर नगर निगम जमकर बदनामी के ढोल पीट रहा है और कुर्की की कार्रवाई कर रहा है। बुधवार को निगम ने दस बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संपत्ति को सील कर दिया। जबकि एक टैक्स बकायदार ने मौके पर ही निगम अधिकारियों को टैक्स चुका दिया।
वहीं जिस कार्रवाई पर सबकी नजर रही वह थी कैम्बे गोल्फ रिसार्ट व सेंट ऐंसलम स्कूल मालवीय नगर। जहां कैम्बे रिसोर्ट में बेदखली की कार्रवाई होनी थी लेकिन रिसोर्ट मालिक के रसूख के कारण निगम अधिकारियों को रिसोर्ट के गेट से ही वापस लौटना पड़ा। हालांकि इस मामले में निगम की हुई फजीहत के बाद महापौर से लेकर निगम के उच्च अधिकारी सफाई देते नजर आए।
स्कूल में ड्रामा
मालवीय नगर स्थित सेंट ऐंसलम स्कूल में जब निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए एक हिस्से को सील कर दिया। तब स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन की दलील थी कि जिस हिस्से को सील किया गया है उसमें गुरुवार को होने वाली परीक्षा के पेपर रखे है। इसके बाद मौके पर ही स्कूल प्रशासन ने करीब 23 लाख रुपए का बकाया जमा किया। जिसके बाद सील हटाई गई।