राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए। दरअसल, यहां रहने वाली एक लड़की की दोस्ती मुंबई में रहने वाली एक युवती से हो गई। धीरे-धीरे उनकी बातचीत बढ़ने लगी। ...और प्यार की खुमारी इस कदर चढ़ी कि उन्होंने मुंबई में शादी रचा ली। मामले की जानकारी जयपुर में परिजनों को मिली तो वे हैरान रह गए। उन्होंने अपनी बेटी को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
यह है पूरा मामला
गौरतलब है कि जयपुर की 20 साल की एक युवती ने मुंबई की युवती से कथित तौर पर शादी कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि दोनों युवतियों की करीब एक साल पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे उनकी बातचीत बढ़ती चली गई और वे दोनों एक-दूसरे से मुहब्बत करने लगीं। अहम बात यह है कि इसकी जानकारी परिजनों को आखिर तक नहीं लगी और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
जयपुर में मुलाकात, मुंबई में शादी
पुलिस के मुताबिक, मुंबई की युवती कुछ दिन पहले जयपुर आई थी। इसके बाद वह जयपुर वाली सहेली को लेकर मुंबई चली गई और दोनों ने मुंबई में शादी कर ली। परिजनों को अपनी बेटी के लापता होने की जानकारी मिली तो उन्होंने नाहरगढ़ पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि लड़की के मुंबई में होने का पता चला तो पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंच गई।
पुलिस ने दी यह जानकारी
पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (उत्तर) धर्मेंद्र सागर ने बताया, ‘‘जब पुलिस दोनों युवतियों के पास पहुंची तो उन्होंने बताया कि एक मंदिर में उन्होंने शादी कर ली है। जयपुर की युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी स्वेच्छा से गई है।’’
भाई ने समझाया, पर नहीं मानी युवती
इस दौरान पुलिस के साथ गए जयपुर वाली युवती के भाई ने उसे समझाया और वापस घर चलने के लिए कहा। इस पर जयपुर की युवती ने अपनी सहेली को भी जयपुर ले जाने की बात कही। इसके बाद जयपुर की युवती अपनी साथी और भाई के साथ जयपुर लौट आई।