बॉर्डर पर तारबंदी लांघ कर भारतीय सीमा में आए एक घुसपैठिए को सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने धर दबोचा। स्वतंत्रता दिवस से पहले घुसपैठ की इस घटना को देखते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।
आज सुबह करीब 9 बजे भारत-पाक अन्तरराष्ट्रीय सीमा पर बीकानेर सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पिलर संख्या 418 के पास से सीमा लांघ कर आए पाकिस्तान के एक नागरिक को पकड़ लिया। प्राथमिक पूछताछ में घुसपैठिए ने अपना नाम शाहिद जावेद इकबाल, उम्र 34 वर्ष निवासी दित्ता समीजा कोट आजम, खैरपुर तमेवाली, जिला भावलपुर, पाकिस्तान होना बताया।
इसके पास से एक चाकू, एक चादर, एक तकिया, एक ड्राईविंग लाइसेंस, पाक सरकार द्वारा जारी एक पहचान पत्र, माचिस, लाईटर, एक पाक मोबाईल सिम (जोंग कम्पनी), दो उर्दू में लिखी किताबें, दो गमछे, मोतियो की माला एक, पाक मुद्रा, दो पैन, एक स्याही की दवात, दो चाबियां एवं एक पर्स बरामद हुआ। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। स्थानीय सूचना तंत्र को और ज्यादा मजबूत किया जा रहा है। फील्ड स्टाफ को भी विशेष चौकसी बरतने की हिदायत दी गई है।