राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ में आज सामराउ हत्याकांड मामले में पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज ने घटना की रिपोर्ट पेश की। इस पर कोर्ट ने बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
हाईकोर्ट के सीनियर जस्टिस गोपालकृष्ण व्यास व जस्टिस विनीत कुमार माथुर की खंडपीठ ने ये आदेश रेंज आईजी हवासिंह घूमरिया की ओर से पेश रिपोर्ट पर दिए। खंडपीठ ने आईजी घूमरिया को कहां कि स्थानीय लोगों को पूरी सुरक्षा दें और किसी भी राजनीतिक दल के दबाव के बिना निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करें। हाईकोर्ट मे इस मामल में अब आगामी दो सप्ताह बाद फिर सुनवाई होगी। गौरतलब है कि शराब कारोबारी हनुमानराम जाट की हत्या के बाद उपजे विवाद, आगजनी और पथराव की घटना को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने गंभीरता दिखाते हुए स्वप्रेरणा से प्रसंज्ञान लेकर पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर रेंज से रिपोर्ट पेश करने को कहा था।