प्रताप सिंह खाचरियावास एक प्रतिनिधि मंडल के साथ
- फोटो : Vishnu Sharma
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता और जयपुर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास एक प्रतिनिधि मंडल के साथ सोमवार को जल भवन पहुंचे। जहां उन्होंने पीने के पानी की उचित व्यवस्था करने की मांग को लेकर राजस्थान के मुख्य अभियंता मनमोहन माथुर से मुलाकात की और उन्हें राज्य सरकार के नाम एक चेतावनी-पत्र सौंपा।
खाचरियावास ने जल भवन में उपस्थित अधिकारियों को चेतावनी देते हुये कहा कि राजधानी जयपुर सहित पूरे प्रदेश में पीने के पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है। प्रदेश में में कई स्थान तो ऐसे हैं जहां चार दिन में एक बार पीने का पानी सप्लाई किया जा रहा है। यदि अगले 72 घंटों के भीतर पानी की सप्लाई की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस के कार्यकर्ता आंदोलन कर सड़क पर उतरेंगे। मंत्रियों व अधिकारियों के घरों के बाहर और आॅफिसों में मटका फोड़कर प्रदर्शन करके जलयात्रा निकाली जाएगी।
खाचरियावास ने कहा कि अब जयपुर में सिर्फ 400 एमएलडी पानी दिया जा रहा है जबकि 650 एमएलडी पानी की जयपुर में आवश्यकता है। बिल जमा नहीं होने से पूरे प्रदेष में सिंगल फेस सहित काॅलोनियों में सप्लाई होने वाले पानी के बोरिंगों के कनेक्शन काट दिये गये हैं। पानी के टैंकरों की कालाबाजारी हो रही है। खाचरियावास ने अधिकारियों से कहा कि जलदाय विभाग को पूरे प्रदेष में तुरन्त प्रभाव से पानी के अतिरिक्त टैंकर लगाने, बोरिंग करने पर लगाई गई रोक हटाने, बोरिंगों के बिल जमा कराने तथा रेल व अन्य साधनों के द्वारा पानी भेजने की व्यवस्था सुनिष्चित करनी चाहिये।