प्रदेश की राजधानी में आज सुबह जमकर बारिश हुई। गणेश चतुर्थी की सुबह करीब पौने सात बजे हुई बारिश दो घंटे से ज्यादा समय तक बरसती रही। तेज बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जयपुर में आज सुबह तेज बौछारों के साथ शुरू हुई बारिश ने लोगों के लिए परेशानी पैदा कर दी। एक दिन पहले ही हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी लेकिन निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या देखने को मिली थी। वो पानी अभी पूरी तरह निकला भी नहीं था कि आज सुबह हुई तेज बारिश ने गलियों और चौराहों पर कई जगह पानी भर दिया। सीकर रोड़ पर काफी पानी भर गया। उधर सुभाष चौक, चारदीवारी के इलाकों में भी इस तरह की परेशानी देखने को मिली। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भीगते हुए जाना पड़ा। बच्चे बारिश में स्कूल जाने के लिए बस, ऑटो का इंतजार करते रहे हैं।
उधर, निचले इलाकों में बसी बस्तियों में पानी भर गया। इन बस्तियों में से पानी को निकालने के लिए फिलहाल कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।