उदयपुर के पूर्व सांसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता भानुकुमार शास्त्री ने महाराणा भूपाल चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं और चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनके छोटे भाई की पत्नी वंदना की मौत अहमदाबाद में स्वाइन फ्लू से हुई जबकि इससे पहले महाराणा भूपाल अस्पताल ने वंदना की स्वाइन फ्लू की जांच की ओर रिपोर्ट नेगेटिव होने की बात कहीं।
दरअसल, भानु कुमार शास्त्री के छोटे भाई देवकुमार की पत्नी वंदना देवी के बीमार होने पर चार दिन पूर्व उन्हें महाराणा भूपाल चिकित्सालय में भर्ती करवाया था। इस दौरान प्राथमिक तौर पर स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने चिकित्सको ने उनकी जांच भी करवाई। जांच में स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट नेगेटिव आई। ऐसे में डाक्टरों ने सामान्य सर्दी—झुकाम और बुखार का इलाज शुरू कर दिया, लेकिन वंदना की सेहत बिगड़ती गई। इसे देख परिजन उन्हें अहमदाबाद के एक निजी चिकित्सालय ले गए। जहां वंदना की जांच हुई और उन्हें स्वाइन फ्लू से पीड़ित होना बताया गया। दो दिन के बाद इलाज के दौरान वंदना की मृत्यु हो गई। चिकित्सकों की सलाह पर अहमदाबाद में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।
शास्त्री ने दो दिन पूर्व अपने छोटे भाई की पत्नी वंदना की मौत के मामले में इलाज के दौरान चिकित्सालय अधीक्षक डाॅ. विनय जोशी व मेडिसन विभाग के डाॅ. महेश दवे पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। और इस मामले में सीएम वसुंधरा राजे को भी उन्होंने पत्र लिखा है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।