पहली फ्लाइट से उड़ान भरकर किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे अजमेर संभाग के मंत्री एवं विधायक
- फोटो : Amar Ujala
बॉलीवुड, क्रिकेट, राजनीति से जुड़ी तमाम हस्तियों और विदेशी सैलानियों के आगमन का गवाह रहने वाले अजमेर को आज पहली फ्लाइट मिल गई है।
ख्वाजा नगरी अजमेर में एयरपोर्ट का सपना पूरा होने के बाद अब यहां से बहुप्रतिक्षित नियमित उड़ान का सपना भी आज पूरा हो गया। नवनिर्मित किशनगढ़ एयरपोर्ट पर आज पहली फ्लाइट दिल्ली से उड़ान भरकर अजमेर के किशनगढ़ आई।
देश के सबसे बड़े राज्य राजस्थान में आधिकारिक रूप से एक और एयरपोर्ट अब शुरू हो गया है, जहां से नियमित उड़ान भी कुछ ही दिनों में पूर्ण रूप से संचालित की जाएगी। आज पहली फ्लाइट में बैठने के लिए अजमेर के मंत्री और विधायक पहले दिल्ली पहुंचे और वहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जूम एयरलाइंस की बोम्बाडिया CRJ 200 LR प्लेन फ्लाइट में बैठकर किशनगढ़ के लिए उड़ान भरी। अब दिल्ली के लिए नियमित उड़ाने आगामी सप्ताह से आरंभ की जाएगी।
उर्स में जायरीनों और मार्बल व्यवसायियों को मिलेगा फायदा
किशनगढ़ एयरपोर्ट
- फोटो : Amar Ujala
अजमेर संभाग के किशनगढ़ में एयर कनेक्टीविटी हो जाने से यहां के मार्बल व्यापारियों को काफी हद तक राहत मिलेगी। किशनगढ़ देश की सबसे बड़ी मार्बल मंडियों में से एक है जहां से देशभर में मार्बल सप्लाई होता है।
अजमेर की विश्वप्रसिद्ध ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर हर साल देश विदेश के कोने कोने से जायरीन ख्वाजा के दीदार को पहुंचते हैं। किशनगढ़ में एयरपोर्ट शुरू होने से अब यहां लंबी दूरी तय करके आने वाले जायरीन अपना समय बचाते हुए सीधे ही किशनगढ़ और फिर यहां से आधे घंटे दूर अजमेर तक फोर लेन हाइवे के जरिए पहुंच सकेंगे।
अजमेर में सालभर ही आम और खास लोगों के आने का सिलसिला लगा ही रहता है लेकिन अब तक पहले लोगों को फ्लाइट से जयपुर आना पड़ता था और वहां से तीन घंटे में सड़क मार्ग के जरिए अजमेर पहुंचना पड़ता था। अजमेर में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाने बॉलीवुड,क्रिकेट और राजनीति से जुड़ी तमाम बड़ी शख्सियतें आती रहती हैं।
आज हो गया ट्रायल, रोजना उड़ान शीघ्र
डेमो इमेज
जिला कलक्टर गौरव गोयल ने बताया कि किशनगढ़ हवाई पट्टी पर जूम एयरवेज की ट्रायल फ्लाईट दिल्ली से किशनगढ़ पहुंची। इस फ्लाइट में शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल, संसदीय सचिव सुरेश रावत सहित अन्य विधायक, जनप्रतिनिधि एवं क्रू मेंबर्स दिल्ली से किशनगढ़ पहुंचे।
फ्लाइट से पहुंचने वाले सभी जनप्रतिनिधीयों का हवाई पट्टी पर स्वागत एवं अगवानी पर्यटन मंत्री कृष्णेन्द्र कौर दीपा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। जानकारी के अनुसार आज दिल्ली से उड़ान भरकर किशनगढ़ आई जूम एयर की फ्लाइट बोम्बाडिया CRJ 200 LR प्लेन को ट्रायल बेस पर चलाया गया है।