एक मोटिवेशनल स्पीकर द्वारा देशभर के डॉक्टर्स को लेकर दी गई हेट स्पीच से आहत एक डॉक्टर ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मोटिवेशनल स्पीकर, कॉरपोरेट ट्रेनर एवं लेखक डॉ.विवेक बिंद्रा के खिलाफ जयपुर में जयपुर मेडिकल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता ने एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में डॉ. गुप्ता ने शिकायत की है कि उन्होनें डॉ. विवेक बिंद्रा का सोशल साइट पर एक वीडियो देखा था जिसमें डॉ. बिंद्रा ने देश के सभी डॉक्टर्स को खूनी, लुटेरा जैसे आपत्तिजनक शब्द कहे हैं। उन्होंने एफआईआर में बताया कि डॉ. बिंद्रा के वायरल हुए वीडियो में उन्होंने डॉक्टरों को सफेद कोट के खूनी लुटेरे कहा है।
डॉ.गुप्ता ने आज जयपुर के बापू नगर थाने में डॉ. बिंद्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कहा कि बिंद्रा ने इस तरह की अपमानजनक बातें अपने वीडियो में कहते हुए डॉक्टरों की पूरी कौम को बदनाम करने की कोशिश की है।
बिंद्रा के नाम के आगे 'डॉक्टर' पर भी सवाल
डॉ.विवेक बिंद्रा
डॉ. संजीव गुप्ता ने मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा के नाम के आगे डॉक्टर लगाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विवेक बिंद्रा अपने आगे डॉक्टर लिखते हैं, जबकि वो न तो उनके पास कोई एमबीबीएस की डिग्री है और न ही उन्होंने किसी विषय पर पीएचडी की है। वो अपने आगे डॉक्टर शब्द का फर्जी तरीके से उपयोग करके देश की आम जनता को बेवकूफ बनाकर लूट रहे हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विवेक बिंद्रा ने समाज में जहर घोल कर शांत वातावरण को खत्म कर अशांति फैलाने व समाज को भड़काने की कोशिश की है। डॉ. गुप्ता ने पुलिस को बिंद्रा की हेट स्पीच वाली सीडी सौंपते हुए उन पर आईटी एक्ट के तहत धारा 66A, 66B, 66C, 66D, 66E व आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 500 व अन्य के तहत आपराधिक एफआईआर दर्ज कराई है।