कोटा की किसान मंडी में कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी का पोस्टर जलाते किसान और सड़कों पर फैला लहसुन
- फोटो : amar ujala
मध्यप्रदेश से लगते राजस्थान में हाड़ौती क्षेत्र में किसान लहसुन की बम्पर फसल से परेशान हैं। लहसुन के समर्थन मूल्य की मांग को लेकर किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ बुधवार को कोटा में लहसुन जलाकर प्रदर्शन किया।
किसानों ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। कोटा में इस बार लहसुन की बंपर पैदावार हुई है जिसके चलते किसानों को उनकी इस उपज का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसान सरकार से लहसुन का समर्थन मूल्य घोषित कर उस पर सरकारी खरीद की मांग कर रहे है। प्रदर्शनकारी कोटा में पिछले दिनों लहसुन का भाव कम होने से सदमे में हुई किसान सत्यनारयाण मीणा की कथित मौत की जांच और और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
हाड़ौती की किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को राहत नहीं दी गई तो राजस्थान में भी एमपी की तरह बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मांग को लेकर किसानों ने पुरानी धान मंडी में प्रतीकात्मक तौर पर लहसुन जला कर सरकारी नीतियों को विरोध किया।
यूथ कांग्रेस ने भी किसानों की समर्थन में एरोड्रम से लेकर कृषि उपजमंडी धानमंडी तक रैली निकाली गई। पीसीसी महासचिव पंकज मेहता, कांग्रेस नेता नईमुद्दीन गुड्डू, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भानु प्रताप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेन्द्र मोदी, सीएम वसुंधरा राजे और कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने किसान की मौत को अफसोसजनक बताते हुए पीड़ित के परिवार को मुआवजा देने और लहसुन को समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग की है।