कोटा थर्मल सुपर पावर स्टेशन में इन दिनों एक पैंथर की आहट ने दहशत पैदा कर रखी है। इसके बाद यहां काम करने वाले कर्मचारियों में पैंथर के हमले को लेकर डर व्याप्त है और कोई भी उस इलाके में जाने को तैयार नहीं है जहां पैंथर की मूवमेंट देखी गई है।
जानकारी के अनुसार, कोटा थर्मल का परिसर घने जंगल से सटा हुआ है। इसके चलते यहां एक पैंथर की मूवमेंट देखी गई है। कुछ कर्मचारियों को यह पैंथर पावर प्लांट के कोयला डिपो के पास नजर आया है। स्थिति यह है कि कर्मचारी कोयला डिपो के पास जाने से भी कतरा रहे हैं। यह कोयला डिपो थर्मल प्लांट के सबसे अंत का हिस्सा है जो बिल्कुल जंगल से सटा है। ऐसे में पैंथर की आवाजाही वंही अधिक है। हालांकि, अब कर्मचारियों की शिकायत के बाद पैंथर को पकड़ने के लिये थर्मल प्रशासन ने वन विभाग को पत्र लिखा है। फिलहाल पैंथर कहां है इसका पता नहीं चल सका है। वन विभाग का कहना है कि यदि फिर से पैंथर दिखाई देता है तो विभाग की टीम थर्मल परिसर में डेरा डालकर पैंथर को पकड़ने का काम करेगी।