आगामी नौ अप्रेल को धौलपुर उपचुनाव के लिए मतदान होना है। इस चुनाव के लिए कांग्रेस और सत्तारुढ़ भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। नए घटनाक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की शिकायत के बाद निर्वाचन आयोग ने बीएल कुशवाह को धौलपुर जेल से श्रीगंगानगर जेल में शिफ्ट करने के आदेश दिए है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने दिल्ली में चुनाव आयोग को शिकायत दी थी कि राजस्थान सरकार चुनाव जीतने के लिए सरकारी मशीनरी का उपयोग कर रही है।
पायलट ने शिकायत में कहा था कि भाजपा ने अपनी प्रत्याशी शोभारानी कुशवाह के पूर्व विधायक पति बीएल कुशवाह जो जेल में हैं उन्हें धौलपुर जेल में शिफ्ट करा दिया है। बीएल कुशवाह चुनाव की घोषणा से पूर्व भरतपुर जेल में थे। उन्हें हाल ही में धौलपुर जेल में शिफ्ट किया गया है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से पूर्व में जयपुर में निर्वाचन विभाग और जिला निर्वाचन अधिकारी धौलपुर से भी यह शिकायत की गई थी। जब इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पायलट ने दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग को शिकायत दी। इसके बाद आयोग के निर्देश पर प्रदेश के गृह विभाग ने जेल प्रशासन को कुशवाह को शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए है।