राजस्थान के बीकानेर में पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक बीएसएफ व जोधपुर नारकोटिक्स विभाग ने कार्रवाई की। इस दौरान नौ लाख रुपए कीमत का डोडा पोस्त व अफीम के दूध के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बीएसएफ से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों के पास से 80 हजार रुपए से अधिक की नकदी व दो मोबाइल भी जब्त किए गए है। यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्र 22बीएलडी में की गई। सूचना के आधार पर बीएसएफ व नारकोटिक्स विभाग की टीम ने यहां खड़ी एक स्कॉर्पियों गाड़ी को घेर लिया।
उसके बाद उसकी तलाशी ली गई तो 100 किलो डोडा पोस्त व 930 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया गया। मौके से जमात सिंह व भौतान सिंह नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बीएसएफ को लंबे समय से इस क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी की सूचना मिल रही थी।
गौरतलब है कि राजस्थान से लगती पाकिस्तानी सीमा के नजदीक बसे गांवों से बड़े पैमान पर ड्रग्स तस्करी की जाती है। यहां सक्रिय ड्रग्स तस्करों को काबू करने के लिए बीएसएफ की ओर से कई बार इन गांवों में सर्च आॅपरेशन भी चलाया जाता है।