दिवाली से 15 दिन पूर्व आने वाली पूर्णिमा शरद की दस्तक का प्रतीक है। इस पूर्णिमा के बाद गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगता है। इस बार ऐसा नहीं हुआ।
राजस्थान के अधिकांश इलाकों में इन दिन मई सरीखे मौसम का अहसास हो रहा है। दिवाली आ चुकी है और अक्टूबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू हो चुका है, इसके बाद भी सूर्य के तीखे तेवर पसीने छुड़ा रहे है। दिन तो दिन रात में भी गरमी ने लोगों का बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। जयपुर में दिन का तापमान अभी 35 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। अगले दो-तीन दिन में दिन के तापमान में एक से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।
उधर, दिवाली पर चले पटाखों का भी असर मौसम पर पड़ा है। धूल और धुएं के गुबार के कारण गरमी ज्यादा महसूस हो रही है। जयपुर की तरह राजस्थान के दूसरे शहरों का भी यहीं हाल है। जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर समेत अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक है।