ड्यूटी के दौरान कुर्सी टूटने से महज छह फीट की उंचाई से नीचे गिरकर गंभीर घायल हुए एक युवा आईपीएस की आज जयपुर में मौत हो गई। उनके साथ ये हादसा करीब 10 महीने पहले हुआ था। तब से वे अस्पताल में भर्ती थे।
देवाशीष वर्ष 2013 बैच के आईपीएस थे। हैदराबाद में ट्रेनिंग के बाद उन्हें राजस्थान कैडर मिला था। 39 वर्षीय देवाशीष मूल रुप से बिहार के रहने वाले थे। वह राजस्थान में प्रोबेशन पीरियड पर चल रहे थे। अगस्त, 2016 से वह राजस्थान के अजमेर जिले में सीओ ब्यावर सिटी के पद पर पदस्थापित किया गया था।
जनवरी 2017 में प्रसिद्ध तीर्थंनगरी पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर के महंत सोमपुरी के देहांत के बाद उत्तराधिकारी को लेकर विवाद हो गया था। तब आईपीएस देवाशीष को महंत सोमपुरी की अंतिम यात्रा की सुरक्षा में ड्यूटी पर तैनात किया गया था। 13 जनवरी को आईपीएस देवाशीष सुबह के समय ब्रह्मा मंदिर के बाहर सीड़ियों के पास चबूतरे पर अन्य अफसरों के साथ कुर्सी पर बैठे थे। तभी देवाशीष की कुर्सी टूट गई और वह चबूतरे से करीब छह फीट नीचे सिर के बल पर गिर गए। इससे वहां हड़कंप मच गया।