पति को उसके चरित्र पर शक था और वह उसे अन्य लोगों से बात नहीं करने देता था। इस पर गुस्साई पत्नी ने पति की धारधार हथियार से हत्या कर दी।
मामला राजस्थान के अजमेर जिले का है। मसूदा थाना इलाके के मोतीपुरा गांव में दो दिन पहले हुई एक युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने आज उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। मसूदा थानाधिकारी करण सिंह शेखावत ने बताया कि दो दिन पहले मोतीपुरा गांव में सद्दाम नामक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी हत्या कर दी गई थी। मामले में सद्दाम की पत्नी अफसाना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पहले वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन बाद में उसने कबूला कि उसी ने अपने पति सद्दाम की हत्या की है।
शेखावत ने बताया कि अफसाना का पति सद्दाम उसके चरित्र पर उंगलियां उठाता था। वह किसी भी पुरूष से यहां तक कि उसके छोटे देवर से भी बात नहीं करने देता था। इससे वह तंग आ चुकी थी। कुछ दिनों से सद्दाम बेरोजगार भी था। ऐसे में उसे खर्चा भी नहीं मिल पा रहा था। इनके चलते उसने रात के अंधेरे में सद्दाम की धारदार हथियार से गर्दन काट दी। इसके बाद खुद को बचाने के लिए अनजान बन गई।