श्रीगंगानगर जिले के रायसिंह नगर में दो तस्करों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बीएसएफ और रायसिंह नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब ढाई किलो अफीम बरामद की है। जिसकी बाजार कीमत दो लाख रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है।
थानाप्रभारी अरविंद विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दुर्गेश धोली और ओमप्रकाश लखेरा है। ये दोनों चित्तौड़गढ़ जिले के रासमी थाना इलाके के गांव रुध के रहने वाले है। ये दोनों मंंगलवार को बीकानेर से एक बस में बैठकर श्रीगंंगानगर के लिए रवाना हुए थे। इसी बीच बीएसएफ की इंटेलीजेंस को दोनों आरोपियों द्वारा बस में अफीम तस्करी करने की सूचना मिल गई। जिसकी सूचना उन्होंने रायसिंहनगर थानाप्रभारी अरविंद विश्नोई को दे दी।
आज जब दोनों आरोपी रायसिंहनगर के बस स्टैंड पर उतरे। तभी पुलिस व बीएसएफ की टीम ने आरोपी दुर्गेश व ओमप्रकाश को हिरासत में ले लिया। तलाशी में उनके कब्जे से अवैध तरीके से लाई गई अफीम बरामद कर ली। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।