जयपुर—आगरा राजमार्ग पर बस्सी थाना इलाके में एक बैंक एटीएम में दो संदिग्ध युवकों ने देर रात तोड़फोड़ कर रुपए निकालने का प्रयास किया। एटीएम का कैश बॉक्स तोड़ पाने में विफल रहने से इसमे रखी नकदी सुरक्षित बच गई।
बस्सी पुलिस ने बताया कि इस एटीएम में शनिवार को करीब आठ लाख रुपए का कैश लोड़ किया था। इसके बाद तीन लाख रुपए तो लोगों ने निकाल लिए। देर रात चौकीदार प्रहलाद एटीएम बूथ का शटर बंद कर घर चला गया।
इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे दो संदिग्ध युवक शटर तोड़कर अंदर घुसे और उन्हेांने सरिए से सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने एटीएम में तोड़फोड़ कर रुपए निकालने की कोशिश की। लेकिन कैश सेफ नहीं टूटा। थककर दोनों बाहर चले गए। करीब दो बजे ये लोग फिर अंदर आए और कैश सेफ को तोड़ने की दूसरी बार कोशिश की। इस बार भी ये सफल नहीं हुए और आखिर यहां से भाग निकले।
रविवार को वारदात का पता चलने पर बस्सी एसीपी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी में मिले फुटेज के आधार पर संदिग्ध बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुट गई है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह चौकीदार प्रहलाद मौके पर पहुंचा तब एटीएम का शटर उठा हुआ मिला। इसकी सूचना चौकीदार ने बैंक मैनेजर विकास शर्मा को दी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवक मुंह पर स्कार्फ बांधे दिखाई दे रहे है।