राजधानी जयपुर में छह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अब आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में काम करेंगे। इन छह केंद्रों में से चार शुभारम्भ आज विश्व जनसंख्या दिवस के मौकेे पर हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर,(द्वितीय) डॉ. प्रवीण असवाल ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोनेर, चन्दलाई, बधाल और सांभरिया का शुभारम्भ आज हुआ। इन आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर डिलीवरी प्वांइट के रुप में स्थापित किया जाएगा। इससे यहां प्रसव पूर्व व प्रसव के बाद की जांच और प्रसव सुविधा भी मिलेगी। यहां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सा सेवाएं दी जाएगी।
निर्धारित स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क होगी। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक उपकरण और सुविधा मुहैया करा दी गई है। आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर प्रशिक्षित स्टाफ और चिकित्सक नियमित सेवाएं देंगे। इन स्वास्थ्य केन्द्रों पर एलौपेथी के साथ ही आयुर्वेद उपचार और दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। दो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बोराज ब्लॉक दूदू एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चौरू, ब्लॉक फागी का शुभारम्भ सोमवार को किया जा चुका है।