एसपी बनकर व्यापारी से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार किया है। जांच में एक मकड़जाल सामने आया है। फोन किसी का, अकाउंट किसी और का तथा मास्टरमाइंड कोई और..।
पिछले दिनों पाली का एसपी बनकर एक व्यापारी से करीब सवा लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया था। गंज थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गंज थानाधिकारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि दो नवम्बर को चूड़ी बाजार निवासी चन्द्रशेखर राठौड़ की शिकायत पर पर मामला दर्ज किया था। इसके तहत चंद्रशेखर को एक फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को पाली एसपी बताया। इस व्यक्ति ने व्यापारी को खाते में पैसे डलवाने के लिए कहा। व्यापारी ने अपने कर्मचारी के जरिए करीब सवा लाख रुपए उस व्यक्ति के बताए खाते में डलवा दिए।
यूं जुड़े तार से तार
गिरफ्तार
- फोटो : FILE PHOTO
जब मामले की जांच की गई तो सामने आया कि जिन बैंक खातों में रुपए डलवाए गए वह सभी जयपुर के थें। बैंक खातों के आधार पर मानसरोवर निवासी आकाश सैनी और त्रिपोलिया बाजार निवासी साहिल त्रिवेदी को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने पूछताछ में बताया कि उनके खाते में रुपए अनुराग शर्मा ने डलवाए थे और इसकी एवज में उन्हें कुछ राशि दी गई थी। जब अनुराग शर्मा को हिरासत में लिया तो उसने भी किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर राशि खातों में डलवाने की बात कबूली। थानाधिकारी सूर्यभान सिंह ने कहा कि फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपी अनुराग शर्मा के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामले दर्ज है। तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा।