करीब आठ महिने पहले एक व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर लूटपाट की वारदात का पर्दाफाश कर पुलिस ने तीन बदमाशों को आज गिरफ्तार कर लिया। श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंग्रेज सिंह, गुरपाल सिंह व नानक उर्फ राजू है।
पिछले साल अनूपगढ़ क्षेत्र में 22 अक्टूबर 2016 की शाम को व्यापारी बसंतलाल दुकान बंद कर साईकिल से घर जा रहा था। तभी पहले से घात लगाकर बैठे हुए बदमाशों ने बसंतलाल की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया और उससे ढाई लाख रुपये लूटकर भाग निकले। तब बसंतालाल ने अनूपगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंह नगर व सीओ अनूपगढ़ के निर्देशन में अनूपगढ़ थाना पुलिस ने बीती रात को आरोपी अंग्रेज सिंह, गुरपाल सिंह व नानक उर्फ राजू को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक आरोपियों ने अनूपगढ़ में रायसिंह नगर चैराहा पर दिनदहाड़े पिकअप गाड़ी के चालक के साथ मारपीट कर करीब 40 से 45 हजार रुपये की लूटने की भी वारदात स्वीकार की। इसी तरह, अनूपगढ़ थाने में भी एक मोटर साइकिल चोरी, घड़साना थाना क्षेत्र में नकबजनी करना बताया है। गिरोह से और भी भी कई वारदात खुलने की संभावना है। इनसे गहन पूछताछ की जा रही है।