भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर की विशेष अनुसंधान ईकाई ने तस्करी के एक मुकदमे में मुल्जिम बनाने की धमकी देकर मंगलवार को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गुजरात से आए एक हैडकांस्टेबल और दो कांस्टेबलों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उनसे रिश्वत की रकम बरामद कर ली है।
एसीबी में आईजी प्रथम सचिन मित्तल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हैडकांस्टेबल मफूमा घेमर सिंह, कांस्टेबल जगदीश भाई व जयेश कुमार है। ये तीनों गुजरात के बनास कांठा जिले में थाना पांथावाड़ा में पदस्थापित है। एसीबी के उपाधीक्षक नील कमल मीणा के नेतृत्व में टीम ने तीनों पुलिसकर्मियों को जवाहर सर्किल के पास टर्मिनल रोड पर महालक्ष्मी रेस्टोरेंट के पास परिवादी सुनील कुमार से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
आरोपियों के खिलाफ जयपुर निवासी सुनील कुमार ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने अपनी कार किसी व्यक्ति को बेची थी। इसके बाद यह कार गुजरात में तस्करी के एक मामले में पकड़ी गई थी। लेकिन इस कार के कागजात परिवादी सुनील के नाम से थे। ऐसे में आरोपी पुलिसकर्मियों ने सुनील से संपर्क किया और उसे केस में नामजद कर फंसाने की धमकी देते हुए केस से बचाने की एवज में 60 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। इसके बाद 40 हजार रुपए में सौदा किया। तीनों पुलिसकर्मी जयपुर आ गए। शिकायत का सत्यापन होने पर एसीबी ने ट्रेप रचा और 20 हजार रुपए देकर सुनील को आरोपियों के पास जवाहर सर्किल भेजा। जहां एसीबी की विशेष टीम ने उन्हें दबोच लिया।